छत्तीसगढ़ Sarguja

गम्हरिया जलाशय के भ्रष्टाचार का उल्लेख कर रामविचार नेताम ने अफसरों को दी चेतावनी, कहा- अब सुधर जाएं, गड़बड़ी करेंगे तो बचेंगे नहीं

Posted on Jun 19, 2024 07:17 AM

Share: Facebook | twitter | whatsapp linkedIn


गम्हरिया जलाशय के भ्रष्टाचार का उल्लेख कर रामविचार नेताम ने अफसरों को दी चेतावनी, कहा- अब सुधर जाएं, गड़बड़ी करेंगे तो बचेंगे नहीं

अंबिकापुर -: कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गृहक्षेत्र में अधिकारियों को ईमानदारी से कार्य करने की नसीहत दी है। रामानुजंगज में आयोजित कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से नेताम ने अधिकारियों को चेताया कि अब सुधर जाएं। खासकर लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को उन्होंने चेतावनी दी कि काला-पीला करना बंद कर दें।

अफसर जो भी करेंगे वह छिपने वाला नहीं है। सब उनके संज्ञान में आ जाएगा। नेताम यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करेंगे तो कार्रवाई के लिए भी तैयार रहना होगा। नेताम ने रामानुजंगज क्षेत्र के बहुचर्चित गम्हरिया जलाशय में हुए भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में इस योजना में बिना काम कराए राशि का आहरण कर लिया गया था। नेताम ने कहा - सात करोड़ 77 लाख रुपये बिना काम किए खर्च बता दिया गया। ऐसा कांग्रेस सरकार में ही संभव हो सकता है।

ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की समझाइश देते हुए नेताम ने अधिकारियों से कहा, पहले जिस तरीके से खुले आम भ्रष्टाचार किया है, अब ऐसा भ्रष्टाचार नहीं चलेगा। दरअसल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में रामानुजंगज क्षेत्र के गम्हरिया में जलाशय निर्माण के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया था। शिकायत भी हुई लेकिन जांच में लीपा पोती कर मामले को दबा दिया गया था। अब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है, तथा रामविचार नेताम रामानुजगंज क्षेत्र के ही विधायक हैं। नेताम का उद्बोद्धन ऐसे समय में आया है जब उनके विधानसभा क्षेत्र में जनता का अभूतपूर्व जन समर्थन लोकसभा चुनाव में मिला है। सरगुजा संसदीय सीट में भाजपा की जीत में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के रामानुजंगज विधानसभा क्षेत्र ने ही महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जितने वोट से नेताम ने विधानसभा चुनाव जीता था उससे अधिक वोट लोकसभा चुनाव में भाजपा को रामानुजंगज विधानसभा सीट में मिला है।बहरहाल नेताम की सख्ती से बलरामपुर के निर्माण विभाग के अधिकारियों में खलबली मची है। अधिकारी अचरज में हैं कि यदि पिछले पांच वर्षों में हुए कार्यों की जांच हुई तो वे बच नहीं सकेंगे।



Search
Recent News
Popular News
Trending News

Leave a Comment